Tuesday, October 27 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

महासमुंद को मिली 31.60 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ की घोषणा

Admin
Admin
71 Views 5 Min Read 0 Comments
महासमुंद को मिली 31.60 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ की घोषणा

स्टेट रिपोर्टर : संतन दास मानिकपुरी

महासमुंद, 22 अगस्त 2026। महासमुंद जिले को शनिवार को करीब 31.60 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। जिला मुख्यालय के लोहिया चौक में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने महासमुंद के नए बस स्टैंड को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए 6.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा नए नगरीय कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की गई।

महासमुंद को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं से लैस बनाना है।

उन्होंने कहा कि महासमुंद में विकास की पर्याप्त संभावनाएं हैं और आने वाले समय में यह जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लक्ष्य के साथ सभी को मिलकर काम करना होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़कों और अधोसंरचना के विकास को लगातार गति दी जा रही है और महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

युवाओं और महिलाओं के लिए योजनाओं का किया जिक्र

अरुण साव ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

विधायक ने रखी रिंग रोड और विकास कार्यों की मांग

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को लगातार प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है। नहर लिंकिंग रोड को मंजूरी मिल चुकी है और सड़क निर्माण कार्यों के टेंडर भी जारी हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है, जबकि सिरपुर बैराज भी स्वीकृत हो चुका है। विधायक ने बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए महासमुंद के लिए रिंग रोड की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही नए बस स्टैंड और नए कार्यालय भवन की मांग भी उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

नगर पालिका को नगर निगम बनाने की मांग

नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बढ़ती जनसंख्या और शहर के विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग रखी। इसके साथ ही वर्तमान बस स्टैंड को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बनाने और नगर पालिका के लिए नए भवन की मांग भी रखी गई।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

भूमिपूजन और स्वीकृत कार्यों में साहू सदन के पास 25.07 लाख रुपये की लागत से डोम शेड का निर्माण शामिल है। वहीं 240.67 लाख रुपये की लागत से सूखे और गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना तथा मौजूदा संयंत्रों के उन्नयन का कार्य किया जाएगा।

15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से 58.22 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक, सीसी रोड, आरसीसी नाली तथा ट्यूबलर पोल लगाने के कार्य होंगे। अधोसंरचना मद से 127.85 लाख रुपये की लागत से 15 विकास कार्य कराए जाएंगे, जिनमें सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, आरसीसी नाली और बीटी रोड निर्माण शामिल हैं।

महासमुंद क्षेत्र में 1275.62 लाख रुपये की लागत से इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित एसटीपी निर्माण तथा उसके संचालन और संधारण का कार्य किया जाएगा। इससे शहर में स्वच्छता और अपशिष्ट जल प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा 15वें वित्त मद से वार्ड क्रमांक 29 और 11 में 440.98 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय जलागार सहित अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

सड़क निर्माण कार्यों में महासमुंद के नयापारा-अछरीडीह मार्ग पर 164.90 लाख रुपये की लागत से 1.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण पुल-पुलिया सहित किया जाएगा। वहीं 466.19 लाख रुपये की लागत से लहंगर से पीढ़ी मार्ग के 3 किलोमीटर हिस्से का पुल-पुलिया सहित निर्माण होगा। इसके अलावा 360.17 लाख रुपये की लागत से कौंदकेरा से बनसिवनी मार्ग के 3 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, एल्डरमेन, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Admin
Written by

Admin

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos