महासमुंद। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने अवैध शराब के कोचियों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग चार स्थानों पर दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 21.780 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 12,340 रुपये है, बरामद की गई। इसके साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 3 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, चारों मामलों में जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1,22,340 रुपये है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया है।
चार अलग-अलग मामलों में हुई कार्रवाई
प्रकरण-01:
14 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम घोड़ारी-बिरकोनी रोड किनारे घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल चालक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान भोलाराम दुबे (36 वर्ष), निवासी कांपा, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से देशी मसाला एवं अंग्रेजी शराब कुल 5.760 लीटर, कीमत 3,440 रुपये, बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है। मामले में अपराध क्रमांक 463/26 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
प्रकरण-02:
इसी दिन पुलिस ने महानदी ढाबा के पास मेन रोड बिरकोनी में मुखबिर की सूचना पर स्कूटी चालक को रोका। आरोपी की पहचान रविशंकर बघेल (38 वर्ष), निवासी तेन्दूवाही, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद के रूप में हुई। उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी मसाला शराब, कीमत 3,000 रुपये, बरामद की गई। शराब परिवहन में प्रयुक्त करीब 15 हजार रुपये कीमत की स्कूटी भी जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 464/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
प्रकरण-03:
पुलिस ने तुमाडबरी महासमुंद स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने भी कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल चालक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी की पहचान संजय साहू (26 वर्ष), निवासी अखरापारा बेलसोंडा, थाना व जिला महासमुंद के रूप में हुई। उसके कब्जे से 5.220 लीटर देशी मसाला शराब, कीमत 2,900 रुपये, बरामद हुई। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, को भी जब्त किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 465/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
प्रकरण-04:
बरबसपुर चौक, ग्राम बिरकोनी के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चालक को पकड़ा। आरोपी की पहचान तारेन निषाद (41 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 05 नहरपारा बड़गांव, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी मसाला शराब, कीमत 3,000 रुपये, बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त करीब 25 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 466/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
कुल जब्ती
चारों प्रकरणों में पुलिस ने कुल 21.780 लीटर अंग्रेजी एवं देशी शराब जब्त की, जिसकी कीमत 12,340 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल 3 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी, कुल कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये, जब्त की गई।
इस तरह चारों मामलों में पुलिस ने कुल 1,22,340 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, संपूर्ण कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।
स्टेट रिपोर्टर: संतन दास मानिकपुरी
दिनांक: 18 अगस्त 2026
hamarpradeshcg.com — छत्तीसगढ़ का तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!