रतनपुर में भीषण आगजनी, तीन दुकानें जलकर खाक
लाखों के नुकसान का अनुमान, स्थानीय दमकल खराब होने से बिलासपुर से बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड
✍🏻 हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ ब्लॉक रिपोर्टर – आशीष यादव, रतनपुर
😳रतनपुर। नगर के मेला भाठा सब्जी मंडी के समीप बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात अचानक आग लगने से तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में आने से पान सामग्री, किराना, डेली नीड्स समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि भेड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप मेला भाठा सब्जी मंडी के पास पान एवं डेली नीड्स की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। कुछ समय बाद दुकान से धुआं निकलता और आग की लपटें उठती देख राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दो अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। कुछ ही देर में तीनों दुकानों में आग फैल गई।
स्थानीय दमकल खराब, बिलासपुर से पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना के समय रतनपुर का स्थानीय दमकल वाहन खराब होने के कारण आग बुझाने के लिए बिलासपुर से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। दमकल वाहन के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाने का प्रयास किया।
आगजनी में तीनों दुकानों में रखा पान सामान, किराना, डेली नीड्स और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। प्रभावित दुकानदारों के मुताबिक नुकसान काफी अधिक है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी किया जाना बाकी है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रात के समय हुई इस घटना से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
वहीं, स्थानीय दमकल वाहन खराब होने के कारण बिलासपुर से फायर ब्रिगेड बुलाने की स्थिति सामने आने के बाद रतनपुर की अग्निशमन व्यवस्था और दमकल वाहन के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
रिपोर्ट: आशीष यादव | रतनपुर
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!