✍️*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज*
*रिपोर्टर - गौतम रंगारी*
*ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)*
*इस वर्ष ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर 2 नवंबर को होगा एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव*
दंतेवाड़ा, 21 अक्टूबर 2026। आगामी राज्योत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज संयुक्त जिला कार्यालय (कलेक्टरेट) के डंकनी सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. भार्गव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्योत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस वर्ष जिले में 02 नवंबर 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर किया जाएगा। इस थीम के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। राज्योत्सव के दौरान जिले में संचालित विकास कार्यों, उपलब्धियों और विभिन्न विभागों की योजनाओं को प्रदर्शित करने के साथ ही स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री भार्गव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्था, मंच सज्जा, विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आमंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने तथा आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से आयोजन को जनभागीदारीपूर्ण बनाने तथा महिलाओं और युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। साथ ही कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और जिले की सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर भी बल दिया।बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!