रामचण्डी दिवस पर सेवा कार्य में जुटे स्काउट्स-गाइड्स
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
26/10/2026
किरण नायक
ब्लॉक रिपोर्टर
गड़फुलझर स्थित श्री रणेश्वर रामचण्डी मंदिर परिसर में आयोजित रामचण्डी दिवस एवं वार्षिक स्नेह सम्मेलन में हाई स्कूल बरौली के स्काउट्स-गाइड्स ने सेवा, अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए योगदान दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा, भोग-भंडारे में भोजन वितरण, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और पेयजल उपलब्ध कराने जैसे कार्यों में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
स्काउट्स-गाइड्स की इस सेवाभावी भूमिका ने मानव सेवा के महत्व को रेखांकित किया। शनिवार को कोलता समाज की ओर से गड़फुलझर में रामचण्डी दिवस के अवसर पर वृहद वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता के इस आयोजन में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना महत्वपूर्ण रहा। ऐसे में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के स्वयंसेवकों ने जिम्मेदारी के साथ सेवा कार्यों में सहयोग किया। स्थानीय संघ बसना अंतर्गत हाई स्कूल बरौली के स्काउट मास्टर गुरदेव प्रधान और गाइड कैप्टन सविता सुमन के मार्गदर्शन में स्काउट्स-गाइड्स ने व्यवस्थाओं में भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से भोजन एवं भोग-प्रसाद प्राप्त करने में सहयोग दिया। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग किया। पेयजल उपलब्ध कराने सहित अन्य आवश्यक सेवाओं में भी उनकी सहभागिता रही। कोलता समाज के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता कमलेश साहू ने बताया कि समाज की ओर से राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही विकासखंड सचिव विवेक दास से चर्चा की।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!