रायगढ़ DEO दफ्तर में शासन के आदेश बेअसर! सहायक ग्रेड-02 का हाटी तबादला, फिर भी मूल कुर्सी पर मेहरबानी क्यों?
6 अगस्त को जारी हुआ था प्रशासनिक स्थानांतरण आदेश; हफ्तों बीतने के बाद भी नहीं किया गया कार्यमुक्त, कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल।
रायगढ़:
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के प्रशासनिक आदेशों का जिला स्तर पर किस कदर मखौल उड़ाया जा रहा है, इसका प्रत्यक्ष उदाहरण रायगढ़ जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में सामने आया है। मंत्रालय से तबादला आदेश जारी होने के हफ्तों बीत जाने के बाद भी एक सहायक ग्रेड-02 कर्मचारी को नवीन पदस्थापना के लिए कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं किया गया है। इस मनमानी से पूरे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता सवालों के घेरे में आ गई है।
आदेश में क्या है स्पष्ट?
* कर्मचारी: हरिशंकर बरेठ, सहायक ग्रेड-02 (DEO कार्यालय, रायगढ़)
* नवीन पदस्थापना: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हाटी (जिला रायगढ़)
* आदेश क्रमांक व दिनांक: ESTB-102/756/2026/20-3, दिनांक 06/08/2026
* स्थानांतरण का आधार: प्रशासनिक एवं 'तत्काल प्रभाव' से लागू
दफ्तर में चर्चा—किस 'आशीर्वाद' से थमी रवानगी?
विभागीय सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय से 'तत्काल प्रभाव' से कार्यभार ग्रहण करने का आदेश होने के बावजूद कर्मचारी अब भी जिला शिक्षा कार्यालय में ही मजे से अपनी कुर्सी संभाले हुए हैं। आम तौर पर प्रशासनिक तबादले के बाद कर्मचारियों को 24 से 48 घंटे में रिलीव कर दिया जाता है, लेकिन इस मामले में दिखाई जा रही मेहरबानी विभाग के गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सीधे 3 सवाल, जिनका जवाब चाहता है सिस्टम:
* जब शासन का आदेश 'तत्काल प्रभाव' से लागू था, तो कर्मचारी को अब तक हाटी स्कूल के लिए रिलीव क्यों नहीं किया गया?
* क्या शासन की ओर से कोई स्थगन (Stay) या संशोधन आदेश आया है? यदि आया है, तो उसे पटल पर क्यों नहीं रखा जा रहा?
* क्या जिला शिक्षा कार्यालय के पास मंत्रालय (शासन) के आदेश को दरकिनार या ठंडे बस्ते में डालने का अधिकार है?
पारदर्शिता पर सवाल
यदि संबंधित कर्मचारी को मूल कार्यालय में ही बनाए रखने का कोई विधिवत व सक्षम आदेश नहीं है, तो फिर शासन के आदेश की अनदेखी का जिम्मेदार कौन है? अब देखना यह है कि रायगढ़ जिला शिक्षा विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या सफाई देता है और शासन के आदेश का पालन कब तक सुनिश्चित कराता है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!