रायगढ़ में जंगली हाथी का हमला, युवक की मौत
तेजपुर बीट में जंगल के रास्ते हाथी से हुआ सामना, जान बचाने भागा तो हाथी ने पीछा कर कुचला
रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत तेजपुर बीट में जंगली हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो गई। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सुरेश चौहान पिता मदन चौहान के रूप में हुई है, जो जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सुरेश किसी काम के सिलसिले में तेजपुर आया हुआ था। रात में वह तेजपुर से ढोढागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका सामना जंगल में विचरण कर रहे जंगली हाथी से हो गया। हाथी को सामने देखकर युवक ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसका पीछा कर लिया।
कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद हाथी ने सुरेश को अपनी चपेट में ले लिया और कुचल दिया। गंभीर चोटों के चलते उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पहले से क्षेत्र में मौजूद था हाथी
बताया जा रहा है कि संबंधित इलाके में जंगली हाथी की मौजूदगी की जानकारी वन विभाग को पहले से थी। विभागीय टीम हाथी की गतिविधियों की निगरानी और ट्रैकिंग कर रही थी। आसपास के ग्रामीणों को भी हाथी के विचरण की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की गई थी। मुनादी सहित अन्य माध्यमों से लोगों को सावधानी बरतने की जानकारी दी जा रही थी।
घटना के बाद वन विभाग की टीम पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, हाथी की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
धरमजयगढ़ वन मंडल के विभिन्न इलाकों में जंगली हाथियों का लगातार विचरण होता रहता है। ऐसे में हाथी प्रभावित क्षेत्रों में रात के समय आवागमन करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और विभागीय चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!