✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
विकास उर्फ भीम पर 9 और ओम दुबे पर 11 आपराधिक मामले दर्ज, 3 और 4 माह के लिए जिलाबदर
रायपुर। आदतन एवं कुख्यात अपराधियों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर एवं लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त दो आदतन अपराधियों विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर और ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे को जिलाबदर किया गया है। दोनों को रायपुर समेत कुल छह जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया गया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत जिलाबदर की कार्रवाई की गई।
विकास उर्फ भीम पर दर्ज हैं 9 मामले
विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर, पिता रामसेवा मधुकर, उम्र 26 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, शुक्रवारी बाजार, बीरगांव, थाना उरला, जिला रायपुर वर्ष 2018 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ थाना उरला में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, अश्लील गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने और जुआ खेलने सहित गंभीर अपराधों के कुल 9 प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय एवं आतंक का वातावरण निर्मित हो रहा था तथा लोक शांति और जनसुरक्षा प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की गई।
3 माह के लिए छह जिलों से निष्कासन
जारी आदेश के अनुसार, विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद की राजस्व सीमाओं से 3 माह के लिए निष्कासित किया गया है। इस अवधि में वह सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना इन जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
ओम दुबे के खिलाफ 11 आपराधिक मामले
दूसरा आरोपी ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे, पिता राजीव दुबे, उम्र 25 वर्ष, निवासी मोतीलाल नगर, सरस्वती नगर, थाना डी.डी. नगर, जिला रायपुर वर्ष 2017 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।
पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ थाना डी.डी. नगर में हत्या के प्रयास, मारपीट, अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, आपराधिक अभित्रास, अवैध हथियार रखने और अवैध गांजा बिक्री सहित गंभीर अपराधों के कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद आरोपी के आचरण में सुधार नहीं हुआ और उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों से आमजन में भय का वातावरण निर्मित हो रहा था। इसी को देखते हुए उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की गई।
4 माह के लिए छह जिलों से निष्कासित
आदेश के अनुसार, ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद की राजस्व सीमाओं से 4 माह के लिए निष्कासित किया गया है। जिलाबदर अवधि के दौरान वह सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना उक्त जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
पुलिस कमिश्नर ने साक्ष्यों और आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद लिया फैसला
पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक, पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) ने संबंधित पुलिस उपायुक्तों के प्रतिवेदन, दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के कथनों का परीक्षण करने के बाद जिलाबदर के आदेश जारी किए।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि लोक शांति एवं जनसुरक्षा को प्रभावित करने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!