✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सोमवार को जिले में स्वाइन फ्लू का एक नया मरीज सामने आया है। इसके साथ ही इस वर्ष रायपुर जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। इनमें से 26 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि छह सक्रिय मरीजों का उपचार जारी है।
बदलते मौसम में बढ़ रहा वायरल संक्रमण
बारिश और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच वायरल संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार स्वाइन फ्लू में सामान्य तौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे होने के कारण कई लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि यदि लक्षण लगातार बने रहें या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्या हो तो तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यक जांच कराएं।
सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बदलते मौसम को देखते हुए नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचने, स्वच्छता का ध्यान रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राजधानी में नए मामले सामने आने के बावजूद अब तक संक्रमित हुए अधिकांश मरीजों के स्वस्थ होने से राहत की स्थिति भी बनी हुई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!