✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग बेटी के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने, उसे गर्भवती करने और प्रसव के बाद नवजात को कथित तौर पर बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में नाबालिग के पिता और बुआ समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नवजात बच्चे को भी बरामद कर लिया है।
जान से मारने की धमकी देकर करता रहा शोषण
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता घटना के दौरान 16 वर्ष से कम उम्र की थी। उसने 17 अगस्त को न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के घर पर उसके पिता ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोप है कि घटना किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद पिता लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई।
उम्र बढ़ाकर बालिग और विवाहित बताने का आरोप
पुलिस जांच में आरोप सामने आया है कि नाबालिग की वास्तविक उम्र छिपाने के लिए उसकी उम्र बढ़ाकर उसे बालिग और विवाहित बताने वाले कथित फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके आधार पर अस्पताल में उसका प्रसव कराया गया।
प्रसव के बाद नवजात बेटे को कथित तौर पर करीब 1.10 लाख रुपये में दूसरे व्यक्ति को सौंपे जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने जांच के दौरान बच्चे को बरामद कर लिया है।
पिता और बुआ समेत छह गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने नाबालिग के पिता और बुआ समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अस्पताल में प्रसव कराने और नवजात को दूसरे व्यक्ति को सौंपने की पूरी प्रक्रिया में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में पीड़िता और बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!