रायपुर रिंग रोड पर यात्री बस हादसे का शिकार, टैंकर की टक्कर के बाद बस स्टॉप में घुसी
रायपुर। राजधानी रायपुर के रिंग रोड पर गुरुवार सुबह एक यात्री बस दुर्घटना का शिकार हो गई। ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने टैंकर से टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान बस में सवार सभी 7 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी तरह की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, जीवन ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक CG 04 E 3376 टाटीबंध से भाठागांव की दिशा में जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बस ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने पहुंची थी। इसी दौरान एक टैंकर से टक्कर होने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित बस स्टॉप से जा टकराई।
बस और बस स्टॉप को हुआ नुकसान
टक्कर की रफ्तार इतनी तेज बताई जा रही है कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, बस स्टॉप का स्ट्रक्चर भी हादसे में नुकसानग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस में सवार थे 7 यात्री
घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे टैंकर से टक्कर के बाद यात्री बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप में जा घुसी। उस समय बस में कुल 7 लोग सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में किसी भी यात्री को चोट लगने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
टैंकर की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही टैंकर की भूमिका और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
hamarpradeshcg.com
📍 हमर प्रदेश सीजी – छत्तीसगढ़ की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!