✍️हमरप्रदेश सीजी न्यूज
जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
गरियाबंद में मतदाता सूची की पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस ने "वोट बचाओ-देश बचाओ" अभियान के तहत प्रेस वार्ता की।
सोमवार 26 अक्टूबर को जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में AICC ऑब्जर्वर एवं महाराष्ट्र सांसद श्रीमती शोभा बच्छाव, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के गरियाबंद जिला प्रभारी विनोद चंद्राकर, जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा के साथ बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव उपस्थित थे।
कांग्रेस ने क्या कहा
श्रीमती शोभा बच्छाव ने कहा कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा केवल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक पात्र नागरिक के संवैधानिक मताधिकार से जुड़ा है। पार्टी की मांग है कि बदलावों का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए ताकि स्वतंत्र सत्यापन हो सके।
उन्होंने महाराष्ट्र, कर्नाटक के महादेवपुरा और आलंद विधानसभा क्षेत्रों तथा हरियाणा की मतदाता सूचियों से संबंधित कथित अनियमितताओं का हवाला दिया। राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच 39 लाख मतदाताओं की वृद्धि और महादेवपुरा में 1,00,250 वोट प्रभावित होने का दावा भी दोहराया।
पार्टी ने मांग की कि चुनाव आयोग मतदाता पंजीकरण से संबंधित मूल आंकड़े, रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड, नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया और निर्णयों का विवरण सार्वजनिक करे। चुनाव आयुक्तों की कथित आपत्तियों और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों के रिकॉर्ड भी सार्वजनिक होने चाहिए।
चुनाव आयोग ने मतभेदों को संस्थागत कार्यप्रणाली ठप होने का प्रमाण मानने से इनकार किया है और कहा है कि SIR से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से मंजूर हुए थे।
कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उसकी कार्यप्रणाली पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया और उन्हें मिले कानूनी संरक्षण की समीक्षा की मांग भी की है।
कांग्रेस कार्यसमिति के रुख के आधार पर पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया स्थगित करने तथा मतदाता सूची से हटाए गए कथित 13.3 करोड़ नामों को बहाल करने की मांग की है। साथ ही विसंगतियों की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच की मांग है।
पार्टी का कहना है कि किसी भी नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाने पर उसे स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए और चुनौती देने का मौका मिलना चाहिए। डेटा को डिजिटल और उपयोगी फॉर्मेट में उपलब्ध कराना चाहिए।
देशव्यापी अभियान के तहत कांग्रेस जिला और राज्य स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस, बूथ स्तर पर सत्यापन, गांव में चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रम करेगी। इसका उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना और शिकायतों का दस्तावेजीकरण करना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!