व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग से एक्टिवा पार करने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार, चोरी का वाहन बरामद
त्रिवेणी भवन के पास घेराबंदी कर तारबाहर पुलिस ने दबोचा; रायपुर निवासी आरोपी भेजा गया जेल

बिलासपुर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र व्यापार विहार से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर चोर को तारबाहर पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई काले रंग की एक्टिवा बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दुकान के बाहर पार्किंग से गायब हुई थी एक्टिवा
कृष्णा ट्रेडिंग (व्यापार विहार) के संचालक प्रार्थी श्रीचंद भाभानी 20 अगस्त को अपनी काले रंग की एक्टिवा (क्रमांक MP19 MP 2241) से दुकान पहुंचे थे। उन्होंने वाहन को सुबह 10:30 बजे व्यापार विहार स्थित बड़ी पार्किंग में खड़ा किया था। दोपहर करीब 1:00 बजे जब वे वापस लौटे, तो एक्टिवा अपने स्थान पर नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद प्रार्थी ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना और त्वरित घेराबंदी
एसएसपी रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर एएसपी सिटी पंकज पटेल और सीएसपी गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि त्रिवेणी भवन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया।
पूछताछ में जुर्म कबूल, रायपुर का रहने वाला है आरोपी
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने 20 अगस्त को व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग से एक्टिवा चोरी करना स्वीकार कर लिया। मेमोरेण्डम कथन दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा बरामद कर ली।
* गिरफ्तार आरोपी: सुनील कुमार श्रीवास (35 वर्ष), पिता- दुर्गा प्रसाद श्रीवास
* निवासी: वार्ड क्रमांक 04, विजय नगर (सरपंच बाड़ा के पास), भनपुरी-बीरगांव, थाना खमतराई, जिला रायपुर (छ.ग.)

अभिषेक कुमार पाण्डेय
स्टेट हेड रिपोर्टर
बिलासपुर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!