Sunday, October 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

शराब की महफिल में छेड़छाड़ की बात पर खूनी विवाद, परदेसी यादव की मौत, 48 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

hetram@hamarpradeshcg
hetram@hamarpradeshcg
83 Views 5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

शराब की महफिल में छेड़छाड़ की बात पर खूनी विवाद, परदेशी यादव की मौत; 48 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

 

भंवरपुर चौकी पुलिस ने किया हत्या का खुलासा, खून से सने कपड़े और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

 

महासमुंद/बसना। भंवरपुर चौकी क्षेत्र के बड़े साजापाली गांव में परदेशी यादव की मौत के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान पत्नी से कथित छेड़छाड़ की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर मौत में बदल गया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

 

अस्पताल पहुंचते ही मचा हड़कंप, शरीर पर मिले चोट के निशान

 

पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी अस्पताल मेमो के जरिए भंवरपुर चौकी पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

 

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।

 

शराब पीते-पीते बिगड़ी बात, लात-घूंसों से मारपीट का आरोप

 

जांच में पता चला कि घटना से पहले परदेशी यादव, मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान मनोहर की पत्नी से कथित छेड़छाड़ किए जाने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज मनोहर ने परदेशी के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट शुरू कर दी।

 

पुलिस के अनुसार मारपीट में गंभीर चोट लगने से परदेशी जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी उसके साथ मारपीट जारी रही और वह अचेत हो गया। बाद में मनोहर और भानूप्रताप उसे मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस की पूछताछ में खुला राज, खून लगे कपड़े गड्ढे में छिपाए

 

पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने मारपीट करना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपियों के कपड़ों पर खून लग गया था। पुलिस से बचने के लिए दोनों ने कथित तौर पर इन कपड़ों को भंवरपुर शासकीय अस्पताल के सामने एक गड्ढे में छिपा दिया था।

 

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से दोनों के खून लगे कपड़े बरामद कर लिए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।

 

दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

 

उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर भंवरपुर चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 492/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपी

 

- मनोहर कोसरिया (37 वर्ष) — निवासी बड़े साजापाली, चौकी भंवरपुर, थाना बसना, जिला महासमुंद।

- भानूप्रताप लहरे (37 वर्ष) — निवासी कुदरीपारा, बांकी मोंगरा, जिला कोरबा।

 

पुलिस के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से की गई जांच, फोरेंसिक साक्ष्यों, पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही से मामले की कड़ियां जुड़ती गईं। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।

hetram@hamarpradeshcg
Written by

hetram@hamarpradeshcg

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अन्य.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos