✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
*आर्थिक संबल से बच्चों के लालन-पालन एवं देखभाल में मिलेगी मदद*
*गरियाबंद, 28 अक्टूबर 2026/* राज्य शासन द्वारा श्रमिक परिवारों की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा मातृत्व के दौरान सहयोग देने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में श्रम विभाग द्वारा संचालित मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत गरियाबंद जिले की हितग्राही श्रीमती कविता ध्रुव को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है।
श्रीमती कविता ध्रुव ने बताया कि योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि से उन्हें अपने बच्चों के लालन-पालन, देखभाल एवं आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मातृत्व के दौरान मिलने वाली यह आर्थिक सहायता श्रमिक परिवारों के लिए काफी उपयोगी है। इससे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने तथा नवजात शिशु की देखभाल में सहयोग मिलता है।
उन्होंने सहायता राशि प्रदान करने के लिए राज्य शासन एवं श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। मिनीमाता महतारी जतन योजना का लाभ निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार पंजीकृत निर्माण श्रमिक महिला अथवा पंजीकृत निर्माण श्रमिक की पत्नी को दिया जाता है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रम विभाग में पंजीयन होना आवश्यक है।
बच्चे के जन्म के बाद निर्धारित आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज संबंधित श्रम कार्यालय अथवा निर्धारित श्रम सुविधा केंद्र में जमा किए जा सकते हैं। पात्रता की जांच के बाद स्वीकृत सहायता राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित की जाती है।
श्रीमती कविता ध्रुव ने कहा कि इस तरह की जनकल्याणकारी योजनाएं परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ महिलाओं और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए भी सहायक हैं। उन्होंने अन्य पात्र हितग्राहियों से भी योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!