सरगुजा। जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। सपड़ा गांव के परसापारा में एक दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बड़े बेटे जदू यादव (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने टांगी से अपने माता-पिता पर हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (50) के रूप में हुई है। दोनों का शव उनके पुराने घर के एक कमरे से बोरे में बंद हालत में बरामद हुआ। घटना सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
बंद घर ने बढ़ाया शक
सोमवार सुबह मृतक दंपती का छोटा बेटा मोहन यादव पुराने घर पहुंचा। घर के दरवाजे बाहर से बंद मिले तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। उसने घर में काम करने वाले सुकृत नागेश के साथ मिलकर अंदर तलाश शुरू की।
घर के एक कमरे पर ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया तो वहां बोरे में बंद दोनों के शव मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
कमरे में मिले खून के निशान
धौरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल पर कमरे की दीवार पर खून के छींटे मिलने की जानकारी सामने आई। जिस जगह शव रखे गए थे, वहां ताजा गोबर से लिपाई किए जाने के निशान भी मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
वारदात के बाद बेटा फरार
घटना के बाद से मृतक दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव गायब था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते टांगी से माता-पिता पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद दोनों शवों को बोरे में बंद कर कमरे में रखा गया और ताला लगाकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
मामले में BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के बुजुर्ग दंपती की हत्या और मामले में बेटे की गिरफ्तारी को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
डिस्क्लेमर: समाचार में दी गई जानकारी पुलिस जांच और उपलब्ध तथ्यों पर आधारित है। आरोपी पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही होगी।
Dhaniram dewangan- EDITOR hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!