✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। साइबर ठगी की रकम को अपने बैंक खातों के जरिए खपाने के आरोप में दुर्ग पुलिस ने 6 म्यूल बैंक अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सुपेला, भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने की।
कमीशन के लालच में उपलब्ध कराए बैंक खाते
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर 2 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे।
जांच के दौरान इन बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
1. मोहन राम (50) — जामुल
2. गजेन्द्र साहू (23) — रिसाली
3. भीष्म लाल भारती (27) — कुम्हारी
4. ओम प्रकाश यादव (28) — चिखली
5. देवरतन टंडन (39) — खुर्सीपार
6. लोकनाथ वर्मा (29) — सुपेला
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब इन खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और साइबर ठगी के मुख्य आरोपियों से इनके संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक या सिम कार्ड इस्तेमाल करने के लिए न दें। थोड़े से कमीशन के लालच में बैंक खाता उपलब्ध कराना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है और व्यक्ति साइबर अपराध की जांच में आरोपी बन सकता है।
पुलिस ने लोगों से साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!