✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
राजनांदगांव। विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा AK-47 से की गई हर्ष फायरिंग का मामला अब पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया है। मीडिया में फायरिंग की तकनीक और पुलिस के शस्त्र नियमों को लेकर उठे सवालों के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
शस्त्र पूजन के दौरान की गई थी फायरिंग
परंपरा के अनुसार विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव स्थित पुलिस लाइन के रक्षित केंद्र में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुलिस की ओर से बुराई के अंत और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए शक्ति की देवी मां दुर्गा से प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग की थी। इसके बाद घटना की तस्वीरों और वीडियो को लेकर चर्चा तेज हो गई। कुछ विशेषज्ञों ने फायरिंग की तकनीक और पुलिस के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रक्रिया अपनाए जाने को लेकर सवाल उठाए।
IG अजय यादव ने मांगा स्पष्टीकरण
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने बताया कि मामला पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में आया है और मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लिया है। विजयादशमी पर पुलिस विभाग में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन किया जाता है, लेकिन इस मामले में मीडिया में उठी टिप्पणियों के मद्देनजर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आईजी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक से पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों के अनुरूप कार्रवाई और पुलिस की गरिमा को लेकर उठाए गए सवालों पर जवाब मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद आईजी अपनी टिप्पणी के साथ प्रकरण पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे।
जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
मामले में पुलिस अधीक्षक का स्पष्टीकरण मिलने और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल प्रकरण में स्पष्टीकरण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अंतिम निर्णय पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप लिया जाएगा।
रिपोर्ट: हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!