✍️नगरी सिहावा... जयकिशन साहू हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
नगरी छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सिविल अस्पताल नगरी में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 43 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे हुआ। रक्तदान से पहले चिकित्सकीय दल ने सभी इच्छुक रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान वजन और रक्तचाप की जांच सहित आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का परीक्षण किया गया। निर्धारित स्वास्थ्य मापदंडों के अनुरूप पाए गए रक्तदाताओं से चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान के बाद सभी रक्तदाताओं को अल्पाहार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। समय पर उपलब्ध रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार और जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शिविर में युवाओं और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश को मजबूती दी। आयोजकों ने लोगों से आगे भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक होकर इस मानवीय पहल से जुड़ने की अपील की।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!