बिलासपुर:
थाना सकरी पुलिस ने अमेरी स्थित एक सूने मकान में हुई नकबजनी का त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले तीन खरीदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मशरूका भी बरामद कर लिया है।
छत के रास्ते घर में घुसकर की थी चोरी
प्रार्थी अक्षय कुमार टाण्डे (भृत्य, शिक्षा विभाग मुंगेली) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह परिवार सहित तिफरा स्थित मकान में रहते हैं और सत्यानगर अमेरी स्थित पुराने मकान में आना-जाना करते हैं। 29 अगस्त 2026 को वे मकान में ताला लगाकर गए थे। 16 सितंबर 2026 को लौटने पर देखा कि छत के रास्ते अज्ञात चोर भीतर दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर 12,000 रुपये नकद, चांदी व कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन वोल्टास एसी (कुल कीमत लगभग 42,000 रुपये) पार कर ले गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया मुख्य चोर
रिपोर्ट दर्ज होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना सकरी पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सटीक सूचना पर संदेही अविनाश खांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार की और माल को अलग-अलग लोगों को बेचना बताया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर माल खरीदने वाले तीनों खरीदारों को भी धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
* मुख्य आरोपी (चोर): अविनाश खांडे (24 वर्ष), पिता विशाल खांडे, निवासी सत्यानगर अमेरी, थाना सकरी, बिलासपुर।
* खरीददार:
* सौरभ बंजारे (26 वर्ष), पिता रामायण बंजारे, निवासी एरमसाही, थाना मस्तूरी।
* दीपेश गुप्ता (35 वर्ष), पिता राम कुमार गुप्ता, निवासी बजरंग होटल के सामने, बिलासपुर।
* रितेशधर शर्मा, पिता कृष्णा धर शर्मा, निवासी नूतन चौक सरकंडा, थाना सरकंडा।
सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू, प्रधान आरक्षक रवि लहरे, आरक्षक मनोज बघेल, रूपेश कौशिक, सुनील सूर्यवंशी और पवन बंजारे की मुख्य भूमिका रही।
✍️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!