सेवा संकल्प अभियान में वन विभाग की पहल 23 से 25 सितंबर तक पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता और जलस्रोतों की सफाई
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप देने के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, धमतरी वनमंडल ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर तीन दिवसीय विशेष कार्ययोजना तैयार की है।
23 से 25 सितंबर तक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, नदी-घाट और जलस्रोतों की साफ-सफाई सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों में स्वच्छता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
पौधरोपण से होगी शुरुआत
23 सितंबर को जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर निर्धारित स्थानों में पौधरोपण किया जाएगा। इस दौरान अर्जनी तालाब धमतरी, अटल स्टेडियम कुरूद, भखारा स्टेडियम, वन विश्राम गृह नगरी एवं दुगली, वन परिसर सिंगपुर पंचायत तथा औद्योगिक वार्ड डिपो परिसर धमतरी में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। eसके अलावा चटौद, कोड़ापार और बगदेही में उद्यानों के शिलान्यास के अवसर पर भी पौधरोपण किया जाएगा। इन गतिविधियों के जरिए सार्वजनिक स्थलों को हरित बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्लास्टिक मुक्त धमतरी का संदेश
24 सितंबर को पर्यावरण स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। मानव वन गंगरेल-मरादेव, नया तालाब कुरूद और डिपो परिसर धमतरी में आयोजित गतिविधियों के दौरान नागरिकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
जलस्रोतों की सफाई पर जोर
अभियान के तीसरे दिन 25 सितंबर को जल संरक्षण और जलस्रोतों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान कोटरवाही नरहरा जलप्रपात, पम्पारनाला सिंगपुर, फुटहामुड़ा जलाशय, महानदी उद्गम फरसियां, नगरी स्थित महामाई मंदिर क्षेत्र और गणेशघाट सिंहावा में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
इन प्राकृतिक और धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई के साथ लोगों को जलस्रोतों के संरक्षण, जल की महत्ता और आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण की पहल
अभियान की विभिन्न गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों, आम नागरिकों और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी। वन विभाग के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका जरूरी है। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधरोपण, स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की तैयारी की गई है।
डीएफओ ने की सहभागिता की अपील
डीएफओ धमतरी कृष्ण जाधव ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभि
यान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण, स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण जैसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण के बड़े जनअभियान का रूप ले सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने और स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-संवेदनशील धमतरी के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
📝 रिपोर्ट: जयकिशन साहू
Reporter | Hamar Pradesh CG News
📍 धमतरी, छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!