हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
सेवा संकल्प अभियान: स्कूली बच्चों ने देखा जल जीवन मिशन का काम, जल संरक्षण का लिया संकल्प
जगदलपुर, 06 अक्टूबर। ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत बने पेयजल स्रोतों को समझने और शुद्ध पेयजल के प्रति जागरूक करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जगदलपुर ब्लॉक के बिलोरी-दो पंचायत स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पोड़ागुड़ा के बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण कराया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों को गांव में जल जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन कराया गया। उन्हें जलागृह, जल स्रोत, पाइपलाइन, स्टैंड पोस्ट, वाल्व सहित जलापूर्ति व्यवस्था के विभिन्न हिस्सों के बारे में बताया गया। समझाया गया कि घर-घर शुद्ध पानी पहुंचाने में ये संरचनाएं कैसे काम करती हैं।
विभाग के मैदानी अमले ने बच्चों को जल जांच की प्रक्रिया भी समझाई। बताया कि पेयजल की गुणवत्ता जांच क्यों जरूरी है और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए शुद्ध पानी का उपयोग कितना अहम है।
बच्चों को पानी बचाने के उपाय, अधिक पेड़ लगाने के फायदे और घर के अनुपयोगी पानी को किचन गार्डन में उपयोग करने के बारे में भी बताया गया।
अमले ने बच्चों से कहा कि भ्रमण में मिली जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं और जल संरक्षण, स्वच्छता व सुरक्षित पेयजल के प्रति सभी को जागरूक करें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!