✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ, एक ही स्थान पर मिल रही योजनाओं और सेवाओं की सुविधा
महासमुंद, 05 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरीय निकायों में नागरिकों को शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ नगर पालिका परिषद महासमुंद कार्यालय परिसर में हुआ। शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ बीज निगम एवं कृषि विकास विभाग के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू ने की।
श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर यथासंभव त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू ने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों एवं नगर पालिका से संबंधित योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मौके पर आवेदन और समस्याओं का निराकरण
शिविर में नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। साथ ही विभिन्न सेवाओं से संबंधित प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही भी की जा रही है। नागरिकों को योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी सहित सभापति, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
06 अक्टूबर को सेवा सेतु शिविर लोहिया चौक महासमुंद एवं बसना में आयोजित किया जाएगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!