✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ तरुण कुमार
रपटे के नीचे पाइप में फंसा था मासूम, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन; आक्रोशित वार्डवासियों ने किया चक्काजाम
धमतरी। शहर के सोरिद वार्ड अंतर्गत बागतराई रो
ड स्थित सोरिद नाले में रविवार शाम खेलते समय तेज बहाव में बहे 7 वर्षीय स्कूली छात्र जय साहू की 25 घंटे बाद लाश बरामद हुई। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला जय साहू रविवार शाम करीब 4 बजे नाले के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाले नाले में जा गिरा। देखते ही देखते मासूम पानी के बहाव में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस, दमकल और नगर निगम की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और नाले में मासूम की तलाश शुरू की। तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नाले के आसपास के हिस्सों के साथ ही संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई।
चार घंटे बाद भी सुराग नहीं मिलने पर भड़का आक्रोश
घटना के कई घंटे बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला तो वार्डवासियों का आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में वार्डवासी अंबेडकर चौक पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस एवं जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। वार्डवासियों ने रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और मासूम को जल्द खोजने की मांग की।
रातभर रेस्क्यू अभियान जारी रहा। मासूम के रपटे के नीचे फंसे होने की आशंका को देखते हुए देर रात हैमर और जेसीबी की मदद से नाले के रपटे को तोड़ा गया। नगर निगम के अधिकारी और महापौर भी आधी रात तक मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लेते रहे। हालांकि करीब 15 घंटे की तलाश के बाद भी जय साहू का पता नहीं चल पाया था।
रपटे के नीचे पाइप में फंसा मिला शव
लगातार करीब 25 घंटे तक चले खोज एवं बचाव अभियान के बाद आखिरकार मासूम जय साहू का शव बरामद कर लिया गया। रपटे को जेसीबी से तोड़े जाने के बाद रपटे के नीचे पाइप में मासूम का शव फंसा हुआ मिला। शव मिलने की खबर जैसे ही वार्ड में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मासूम का शव मिलने के बाद धमतरी महापौर स्वयं परिजनों के साथ उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद पूरे वार्ड में मातम पसरा हुआ है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!