दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू का पहला पुष्ट मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। बच्ची का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में जारी है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दो दिन से अस्पताल में भर्ती थी बच्ची
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज ने बताया कि बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के चलते दो दिन पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच में स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर उसका RT-PCR टेस्ट कराया गया, जिसमें H1N1 वायरस की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए।
परिवार के सदस्यों के भी लिए गए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित बच्ची के घर और आसपास के इलाके में सर्वे कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लेकर जांच की गई है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार का पता लगाया जा सके और उसे नियंत्रित किया जा सके।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
स्वाइन फ्लू में तेज बुखार, शरीर में दर्द, कमजोरी, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि ऐसे लक्षण नजर आने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराएं।
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज ने बताया कि जिले में पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है और आवश्यक सावधानी बरती जा रही है।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!