स्वच्छ एवं हरित विद्यालय में केजीबीवी सुनसुनिया का राष्ट्रीय स्तर पर डंका
ग्रामीण श्रेणी में 92.5 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान, विद्यालय को मिलेगी एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता
महासमुंद, 25 अगस्त 2026। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के अंतर्गत महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) सुनसुनिया ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय ने ग्रामीण श्रेणी में 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ा है।
केजीबीवी सुनसुनिया की यह सफलता विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, छात्राओं और समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विद्यालय में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और हरित परिसर निर्माण जैसी गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इन प्रयासों ने विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त इस विद्यालय को योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही स्वच्छ एवं हरित गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए विद्यालय को एक लाख रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित विद्यालय के शाला प्रमुख को शैक्षिक अनुभव यात्रा में सहभागी होने का अवसर मिलेगा।
केजीबीवी सुनसुनिया की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्राओं को बधाई दी है। अधिकारियों ने विद्यालय परिवार को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को इसी तरह निरंतर प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर केजीबीवी सुनसुनिया ने यह साबित किया है कि बेहतर प्रबंधन, सामूहिक सहभागिता और निरंतर प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट पहचान बना सकते हैं।
स्टेट रिपोर्टर हेतराम साहू हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!