✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
मौसम में बदलाव के साथ बढ़ा संक्रमण का खतरा, सिम्स में संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के लिए विशेष जांच व उपचार की व्यवस्था
बिलासपुर। मौसम में बदलाव के साथ बिलासपुर जिले में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। इसी बीच स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के छह से अधिक पॉजिटिव मरीज सक्रिय बताए जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए अलर्ट मोड पर काम शुरू कर दिया है।
शासन स्तर से भी मौसमी बीमारियों की रोकथाम और संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
सिम्स में विशेष जांच और उपचार की व्यवस्था
बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स), बिलासपुर में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के लिए विशेष जांच एवं उपचार की व्यवस्था की गई है।
अस्पताल प्रबंधन को खासतौर पर ऐसे मरीजों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें सर्दी, खांसी, तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य संभावित संक्रमित मरीजों की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना और संक्रमण के प्रसार को रोकना है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है। अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की स्थिति पर नजर रखने के साथ आवश्यक जांच कराने पर जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लगातार बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।
मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाकर स्वाइन फ्लू समेत अन्य मौसमी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!