✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
दुर्ग। जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर 26 सितंबर 2026, शनिवार को दुर्ग जिले के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय (निजी), अनुदान प्राप्त एवं बीएसपी (BSP) द्वारा संचालित स्कूलों में पूर्ण अवकाश घोषित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर के अनुमोदन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों के स्कूल आने-जाने के दौरान असुविधा और जोखिम की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एक दिन के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।
📚 त्रैमासिक परीक्षाओं पर भी पड़ेगा असर
बारिश के चलते घोषित अवकाश का असर वर्तमान में जारी त्रैमासिक परीक्षाओं पर भी पड़ेगा। शिक्षा विभाग के आदेश में बताया गया है कि 26 सितंबर को निर्धारित त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से संशोधित कार्यक्रम एवं निर्देश जारी किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!